दिल्ली नगर निगम ने आगामी मानसून को ध्यान में रखते हुए मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इस संबंध में नेता सदन जय भगवान यादव ने विस्तृत कार्ययोजना साझा करते हुए बताया कि डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी बीमारियों से बचाव के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि निगम की टीमें नियमित रूप से एंटी-लार्वा छिड़काव करेंगी, साथ ही संवेदनशील इलाकों की पहचान कर वहां विशेष निगरानी रखी जाएगी। घर-घर जाकर जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा, जिसमें लोगों को पानी जमा न होने देने और साफ-सफाई बनाए रखने के लिए प्रेरित किया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि वे निगम के प्रयासों में सहयोग करें और अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखें, जिससे इन बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सके।