नूंह जिले के युवाओं को निशुल्क कोचिंग देकर नीट, आईआईटी, जेईई जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करने की प्रशासन की पहल में सोमवार को एक बड़ी पहल हुई। पढ़ेगा मेवात-बढ़ेगा मेवात एवं तालीम से तरक्की कार्यक्रम के तहत मेवात विकास अभिकरण के माध्यम से राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मढ़ी में संचालित मेवात उत्कृष्टता केंद्र के तहत नीट व आईआईटी/जेईई प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए नए कोचिंग कक्षा सत्र का शुभारंभ किया गया। उपायुक्त अखिल पिलानी ने कोचिंग कक्षा सत्र का शुभारंभ करते हुए विद्यार्थियों के लिए इसे नई शैक्षिक पहल बताते हुए कहा कि जिला नूंह के बच्चों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ाने और उन्हें राष्ट्रीय स्तर की प्रवेश परीक्षाओं के लिए तैयार करने के उद्देश्य से इस कोचिंग सेंटर की शुरुआत की गई है। इस रेजिडेंशियल कोचिंग कक्षा में कक्षा 11वीं व 12वीं के विद्यार्थियों की नीट व आईआईटी-जेईई प्रवेश परीक्षाओं की निशुल्क तैयारी करवाई जाएगी।