भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के जिला कार्यालय नूंह में सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई, जिसमें भारतीय जनता पार्टी सरकार पर महिलाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर भ्रामक प्रचार करने का आरोप लगाया गया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि वर्ष 2023 में सभी राजनीतिक दलों की सर्वसम्मति से एक ऐतिहासिक विधेयक पारित किया जा चुका है, लेकिन अब भाजपा उसी मुद्दे को लेकर जनता, विशेषकर महिलाओं को गुमराह करने का प्रयास कर रही है। प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष शहीदा खान (पूर्व विधायक) ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का इतिहास महिलाओं के अधिकारों और सशक्तिकरण के समर्थन से जुड़ा रहा है। उन्होंने कहा कि देश की पहली महिला प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी कांग्रेस की देन हैं, जिन्होंने वैश्विक स्तर पर भारत का नेतृत्व किया। इसके अलावा देश की पहली महिला राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल को भी कांग्रेस ने ही सर्वोच्च पद तक पहुंचाया।