नूंह में स्कूलों का औचक निरीक्षण, डिजिटलाइजेशन और सुविधाओं में सुधार के निर्देशहरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा के निर्देश पर माध्यमिक शिक्षा विभाग के संयुक्त निदेशक संजीव कुमार ने सोमवार को नूंह जिले के स्कूलों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने राजकीय आदर्श संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नूंह और तावड़ू में स्कूल भवनों, शौचालय, साइंस, स्पोर्ट्स, भाषा और आईसीटी कंप्यूटर लैब की स्थिति और उपकरणों की जांच की। निरीक्षण के दौरान संजीव कुमार ने शिक्षकों से लैब और डिजिटल सुविधाओं का उपयोग कर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने और छात्रों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने का आह्वान किया। उन्होंने छात्रों से संवाद कर उनकी पढ़ाई, रुचि, कैरियर योजनाओं और कंप्यूटर ज्ञान की जानकारी ली, साथ ही नकल छोड़कर ईमानदारी से पढ़ाई करने की सलाह दी। उन्होंने स्कूलों में शौचालयों की नियमित सफाई, भवनों का रखरखाव, स्वच्छ पेयजल और बारिश से पहले छतों की सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कमियों को जल्द ठीक करने और आवश्यक मांगों को मुख्यालय भेजने का आदेश भी दिया गया। इस दौरान उप जिला शिक्षा अधिकारी सागिर, रामकिशन, प्रिंसिपल मुकेश कुमार सहित अन्य स्टाफ मौजूद रहे। निरीक्षण का उद्देश्य डिजिटलाइजेशन, बुनियादी सुविधाओं और शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार करना है, ताकि “पढ़ेगा मेवात, खेलेगा मेवात-तभी तो बढ़ेगा मेवात” की थीम सार्थक हो सके।