फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एग्जाम सेंटर के बाहर पुलिस की सख्ती: नूंह जिले में हरियाणा बोर्ड परीक्षाएं शांतिपूर्ण ढंग से जारी, देखें वीडियो

जिले में हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं पूरी शांति और अनुशासन के साथ चल रही हैं। जिले में इस बार पुलिस एवं प्रशासन ने नकल रोकने के लिए कड़े इंतजाम किए हैं, जिसका सकारात्मक असर दिखाई दे रहा है। परीक्षाएं 25 फरवरी से शुरू हुईं। पहले दिन कक्षा 12वीं का अंग्रेजी विषय का पेपर निर्धारित समय पर सुचारु रूप से संपन्न हुआ। दूसरे दिन यानी 26 फरवरी को कक्षा 10 वीं का अंग्रेजी पेपर भी बिना किसी व्यवधान के शांतिपूर्ण तरीके से आयोजित किया गया। जिला पुलिस और प्रशासन की टीम ने परीक्षा केंद्रों पर पूरी तरह सक्रिय रहकर निगरानी की। एडिशनल एसपी आयुष यादव ने बताया कि परीक्षा केंद्रों की बाउंड्री वॉल पर जवान तैनात किए गए हैं ताकि कोई बाहर से मदद न पहुंचा सके या अनधिकृत व्यक्ति अंदर न जा सके। उन्होंने कहा कि प्रशासन और पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। परीक्षाएं शांति और अच्छे तरीके से चल रही हैं। यह हमारी बड़ी उपलब्धि है और हम आगे की परीक्षाओं में भी यही स्तर बनाए रखेंगे। सदर नूंह और शहर क्षेत्र में लगभग 18 परीक्षा केंद्र हैं, जहां सभी का निरीक्षण किया गया। परीक्षार्थियों के एडमिट कार्ड की स्कैनिंग अनिवार्य की गई है ताकि कोई नकली परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल न हो सके। तावड़ू क्षेत्र में डीएसपी अभिमन्यु लोहान और तावड़ू एसडीएम ने व्यक्तिगत रूप से निगरानी संभाली। यहां करीब 15 केंद्र हैं, जहां टीम द्वारा दो-दो बार निरीक्षण किया जा रहा है। व्यवस्था चाक-चौबंद की गई है और बच्चे शांतिपूर्वक परीक्षा दे रहे हैं। किसी भी केंद्र पर नकल का कोई मामला सामने नहीं आया है। बता दें कि पिछले साल नूंह जिला बोर्ड परीक्षाओं में पेपर लीक और नकल की घटनाओं के कारण सुर्खियों में रहा था । लेकिन इस बार प्रशासन ने जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई है। संवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी, फ्लाइंग स्क्वाड, सीसीटीवी और पुलिस की तैनाती से नकल की हर संभावना को समाप्त किया गया है। प्रशासन का कहना है कि आगे की सभी परीक्षाओं में भी इसी तरह की सख्ती बरती जाएगी ताकि परीक्षाएं निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न हों। छात्रों को भी शांतिपूर्ण माहौल में परीक्षा देने का अवसर मिल रहा है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें