जिले की कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से बुधवार को नूंह शहर में रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) की 194 बटालियन की एक प्लाटून ने परिचित अभ्यास (फेमिलियराइजेशन ड्रिल) की शुरुआत की। यह अभ्यास 28 जनवरी से 31 जनवरी तक चलेगा। अलीगढ़ (उत्तर प्रदेश) से आई इस प्लाटून का नेतृत्व सहायक कमांडेंट प्रेमचंद यादव कर रहे हैं, जबकि अभ्यास कमांडेंट किशोर कुमार के निर्देशन में आयोजित किया जा रहा है। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार अभ्यास के पहले दिन आरएएफ प्लाटून ने पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार तथा सहायक पुलिस अधीक्षक आयुष यादव से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान आरएएफ की भूमिका, अभ्यास की रूपरेखा और जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय पुलिस के साथ बेहतर समन्वय पर चर्चा की गई। पुलिस अधीक्षक ने टीम को जिले के संवेदनशील और अति संवेदनशील क्षेत्रों की जानकारी दी। इसके बाद प्लाटून ने थाना सदर, थाना शहर और थाना आकेड़ा के प्रभारियों से मुलाकात कर संबंधित क्षेत्रों के गांवों का दौरा किया। झंडा चौक और पल्ला गांव में फ्लैग मार्च निकाला गया तथा तीनों थाना क्षेत्रों में मोबाइल पैट्रोलिंग की गई। प्लाटून ने स्थानीय गणमान्य लोगों से भी संवाद किया। सहायक कमांडेंट प्रेमचंद यादव ने बताया कि इस अभ्यास का उद्देश्य क्षेत्र की भौगोलिक व सामाजिक परिस्थितियों से परिचित होना, आमजन में विश्वास बनाए रखना और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करना है। उन्होंने लोगों से अफवाहों और सोशल मीडिया के दुरुपयोग से बचने की अपील भी की।