नूंह जिले के गांव बीबीपुर में रविवार सुबह एक 28 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटकने के कारण मौत हो गई। सूचना मिलने पर जयसिंहपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। मृतका की पहचान शहनाज (28) पत्नी हकीमुद्दीन निवासी बीबीपुर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, हकीमुद्दीन पेशे से ड्राइवर है और घटना के समय काम पर गया हुआ था। रविवार सुबह करीब आठ बजे शहनाज के बच्चे घर के बाहर खेल रहे थे। जब वे वापस घर के अंदर पहुंचे तो उन्होंने अपनी मां को कमरे में पंखे से फंदे पर लटका देखा। बच्चों के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और महिला को नीचे उतारकर तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।