उत्तर प्रदेश दिवस के उपलक्ष्य में नोएडा हाट, सेक्टर-33 में स्थित पावन कला धाम में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर शहर की विभिन्न महिलाओं ने कथक और भरतनाट्यम की आकर्षक प्रस्तुतियां देकर समां बांध दिया। कार्यक्रम में शास्त्रीय नृत्य के माध्यम से प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को दर्शाया गया। कथक नृत्यांगना अनुराधा ने बताया कि वह पिछले 25 वर्षों से कथक का अभ्यास कर रही हैं। उनकी अकादमी से जुड़ी करीब सात बच्चियों और महिलाओं ने भी मंच पर अपनी प्रस्तुति दी, जिनमें दो महिलाएं शादीशुदा हैं। उन्होंने कहा कि विवाह या उम्र कभी भी कला के मार्ग में बाधा नहीं बननी चाहिए। अनुराधा ने बताया कि वह अपनी कला को राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि वैश्विक स्तर पर भी प्रस्तुत कर चुकी हैं। उनके साथ जुड़ी महिलाएं और बच्चियां कथक सीखकर अपनी प्रतिभा को नई पहचान दे रही हैं। कार्यक्रम को दर्शकों ने खूब सराहा।