ग्रेटर नोएडा में बढ़ती उम्र को किताबों में दर्ज कर चुके क्रिकेटर एक बार फिर मैदान पर अपने बल्ले का दम दिखाने को तैयार हैं। हाथों में बल्ला होगा और मैदान पर चौके-छक्कों की बरसात देखने को मिलेगी। वेटरन क्रिकेट लीजेंड क्लब की ओर से ग्रेटर नोएडा के शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में शुक्रवार से तीन दिवसीय वेटरन क्रिकेट लीग (वीसीएल) का आयोजन किया जा रहा है। इस लीग में महिला और पुरुष खिलाड़ियों की मिश्रित टीमें मैदान पर उतरेंगी। वेस्टर्न क्रिकेट लीजेंड क्लब की ओर से आयोजित इस लीग में दिल्ली-एनसीआर के अलावा उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, कर्नाटक और रेस्ट ऑफ इंडिया की टीमें हिस्सा ले रही हैं। पुरुष वर्ग में 50 से 75 वर्ष तक की आयु के खिलाड़ी शामिल होंगे, जबकि महिला वर्ग में 15 से 25 वर्ष तक की खिलाड़ी टीमों का हिस्सा बनेंगी। आयोजकों के अनुसार, एशिया का यह पहला ऐसा क्रिकेट आयोजन है, जिसमें महिला और पुरुष खिलाड़ियों से सजी मिश्रित टीमें एक साथ प्रतिस्पर्धा करेंगी। लीग का उद्देश्य उम्र की सीमाओं को पीछे छोड़कर क्रिकेट के प्रति जुनून और फिटनेस का संदेश देना भी है। प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले वरिष्ठ पुरुष खिलाड़ी अपने अनुभव के साथ मैदान पर उतरेंगे, वहीं युवा महिला खिलाड़ी अपनी ऊर्जा और खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगी। इससे मैदान पर अनुभव और युवा जोश का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। वेस्टर्न क्रिकेट लीजेंड क्लब के फाउंडर चंद्रशेखर पाठक और सचिव नीलमणि द्विवेदी ने बताया कि लीग केवल मुकाबले तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से यह संदेश देने का प्रयास है कि खेल के प्रति जुनून की कोई उम्र नहीं होती। वरिष्ठ खिलाड़ी मैदान पर उतरकर नई पीढ़ी को फिटनेस, अनुशासन और खेल भावना की प्रेरणा देंगे।