नोएडा सेक्टर 21ए स्थित नोएडा स्टेडियम में केंद्रीय राजस्व खेल और सांस्कृतिक बोर्ड की दो दिवसीय उप-क्षेत्रीय खेल प्रतियोगिता वर्ष 2024-25 की शुरूआत की गई। इस दौरान मुख्य अतिथियों ने दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम की शुरूआत की। प्रतियोगिता के पहले दिन ही बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया। नोएडा के उप आयकर आयुक्त आईआरएस शशांक शेखर सिंह ने बताया कि इस दौरान बतौर मुख्य अतिथि आईआरएस, मुख्य आयकर आयुक्त, गाजियाबाद मनोज कुमार गुप्ता ने प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। आयकर विभाग, केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर और सीमा शुल्क के लगभग 750 अधिकारी, कर्मचारी प्रतियोगी के रूप में 18 खेलों की 133 वर्गों की प्रतियोगिता में भाग ले रहे हैं। इन खेलों में क्रिकेट, फुटबॉल, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, एथलेटिक्स, शतरंज और अन्य शामिल हैं। उन्होंने बताया कि आयोजन प्रतिभागियों के बीच सामंजस्य और खेल भावना को बढ़ावा देने के लिए आयोजित किया जा रहा है, जो स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और टीम वर्क की भावना को बढ़ावा देगा। यह आयोजन उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के आयकर विभाग और केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर और सीमा शुल्क के अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच खेल भावना को बढ़ावा देने के लिए आयोजित किया गया है। जिसकी अध्यक्षता प्रधान आयकर आयुक्त मीनाक्षी झा गोस्वामी ने की, जिसमें आईआरएस अधिकारी अमरेश तिवारी, मयंक प्रभा तोमर ने भाग लेने वाले प्रतिभागियों का हौसला बढ़ाया। इस दौरान एसएन नाज़मी, प्रधान आयकर आयुक्त, आगरा और गाजियाबाद और मीनाक्षी झा गोस्वामी, प्रधान आयकर आयुक्त, नोएडा और अलीगढ़ भी शामिल रहे।