ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित एटीएस होमक्रॉफ्ट नोबेलिटी सोसाइटी के निवासियों ने मंगलवार को बिल्डर के खिलाफ प्रदर्शन किया। निवासियों का आरोप है कि सोसाइटी में मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। बिल्डर की ओर से अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिशन (एओए) बनाने का दवाब डाला जा रहा है। निवासियों का कहना है कि बिल्डर अपनी जिम्मेदारी से भागना चाहता है। ऐसा नहीं होने दिया जाएगा। उनका कहना है कि जब तक उन्हें सभी सुविधाएं नहीं मिल जाती तब तक सोसाइटी में एओए का गठन नहीं किया जाएगा। निवासी अवधेश पांडेय ने बताया कि सोसाइटी में 600 परिवार रहते हैं। जिनके लिए पानी तक की व्यवस्था नहीं की गई है। हर दिन सोसाइटी में 16 से 17 टैंकर आते हैं। टैंकर के आने के बाद टंकियों में पानी पहुंचाया जाता है। अब तक ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण से बिल्डर ने पानी की व्यवस्था तक के लिए भी कोई योजना नहीं बनाई है। इसके साथ ही निवासियों की अपेक्षा सोसाइटी में बिजली का लोड भी बहुत कम हैं। बिल्डर सोसाइटी को एओए को सौंपना चाहता है, लेकिन जब तक सुविधाएं विकसित नहीं की जाएगी। तब तक एओए क्यों सोसाइटी का जिम्मा संभालें। उन्होंने बताया कि सोसाइटी में क्लब हाउस बना दिया गया है,लेकिन क्लब हाउस में न किचन है और न ही कोई कमरा बनाया गया है। इसके साथ ही अब तक प्रॉपर सोसाइटी का कोई प्रवेश गेट भी नहीं बना है। इसके साथ ही कई सुविधाएं अब तक निवासियों को नहीं मिल पाई हैं। इस मौके पर शिवम गोयल,अभिषेक ओझा,भरत छाबड़ा,शाशंक जैन,अतुल,डॉ लव,नेहा चौहान,इशिता पुरी,डॉ केसरी के साथ मनीष मौजूद रहे।