नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लोकार्पण की तैयारियों का जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री रविवार को नोएडा आ रहे हैं। उनके आने से पहले उत्तर प्रदेश शासन के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार और मुख्यमंत्री के विशेष सचिव ईशान प्रताप सिंह शनिवार को गौतम बुद्ध नगर पहुंचे। यहां उन्होंने एयरपोर्ट में चल रही तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने एयरपोर्ट और जनसभा स्थल का निरीक्षण करके यहां की सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इस दौरान जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह, डीएम गौतमबुद्धनगर मेघा रूपम, सीईओ यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण राकेश कुमार सिंह, एसीईओ शैलेन्द्र भाटिया, डीसीपी पूनम मिश्रा, एडीएम वित्त अतुल कुमार, एडीएम प्रशासन मंगलेश दुबे, इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड के सीईओ क्रिस्टोफ श्रेलमैन, सीओओ किरन जैन, सिटी मजिस्ट्रेट अरविंद कुमार, एसडीएम जेवर अभय दुर्गेश सिंह, एसीपी जेवर सार्थक सेंगर मौजूद रहे।