केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि बच्चों में अच्छे संस्कार देना शिक्षकों की प्राथमिक जिम्मेदारी है, क्योंकि इन्हीं संस्कारों से देश का भविष्य सुरक्षित होगा। उन्होंने छात्रों को अहंकार से बचने की सलाह देते हुए कहा कि जो भी व्यक्ति अहंकार पालता है, उसका अंत निश्चित है। हमें सदैव कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ना चाहिए। सिंह ने ये महत्वपूर्ण बातें सैट मेरी स्कूल के शुभारंभ के अवसर पर कहीं। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने जानकारी देते हुए बताया कि कुछ ही दिनों में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन होने वाला है। उन्होंने विशेष रूप से उल्लेख किया कि जब केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह राज्य के मुख्यमंत्री थे, तब वर्ष 2001 में उन्होंने ही इस एयरपोर्ट के लिए फाइल को आगे बढ़ाया था। पाठक ने कहा कि उनके अथक प्रयासों के कारण ही उत्तर प्रदेश को एशिया का सबसे बड़ा एयरपोर्ट मिलने जा रहा है। इस महत्वपूर्ण परियोजना से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी और यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधा प्राप्त होगी।