सेक्टर-21ए नोएडा इंडोर स्टेडियम प्रो कबड्डी लीग (पीकेएल) सीजन-11 का शुभारंभ 10 नवंबर को होने जा रहा है। यहां मेजबान यूपी योद्धा टीम अपना पहला होम लेग के मैच खेलेगी। उसका मुकाबला मेहमान यू मुंबा टीम के साथ है। इस लिहाज से यह मैच काफी रोमांचक होने वाला है। होम लेग से यूपी योद्धा टीम लीग में वापसी करने की तैयारी में हैं, वहीं यू मुंबा टीम दूसरी बार खिताब जीतने के लिए अधिक से अधिक प्वाइंट हासिल कर अंक तालिका में सर्वोच्च शिखर की ओर बढ़ने का प्रयास करेगी। ये बातें शनिवार को बातचीत के दौरान पीकेएल के लीग कमिश्नर अनुपम गोस्वामी ने कही। उन्होंने कहा कि कबड्डी अब ग्रामीण खेल न रह कर मुंबई और दक्षिण भारत के बड़े शहरों समेत तमाम मेट्रो सिटी के अलावा अफ्रीका और ईरान समेत अन्य देशों में खेला जाने लगा है। इसकी वैश्विक लोकप्रियता हर साल नए आयाम गढ़ रही है। जिससे उम्मीद है कि सरकार 2036 तक कबड्डी को ओलंपिक तक ले जाएगी।