साल 2020 में शुरू हुई भंगेल एलिवेटेड रोड आखिरकार पांच साल बाद ट्रायल बेस पर जनता के लिए खोल दी गई, लेकिन राहत के बजाय परेशानियां बढ़ गई हैं। 608 करोड़ रुपये की लागत से बनी 4.5 किलोमीटर लंबी यह सड़क ऊपर से तो चमक रही है, लेकिन इसके नीचे छलेरा से सेक्टर-82 तक की मुख्य सड़क जर्जर हालत में लोगों की राह मुश्किल कर रही है। बड़े गड्ढों, टूटी सड़क, जलभराव और कूड़े के ढेर के कारण जाम कम होने के बजाय और बढ़ गया है। गुरुवार को बरौला मार्केट एसोसिएशन के व्यापारियों ने इस बदहाली को लेकर प्रदर्शन किया। अमर उजाला की टीम ने मौके पर पहुंचकर पाया कि दोपहर ढाई बजे अग्गापुर रोड पर भारी जाम लगा था। स्कूल बसें और ऑफिस से लौट रहे लोग एलिवेटेड रोड के नीचे घंटों फंसे रहे। उसी रास्ते से गुज़र रहे 24 वर्षीय विशाल ने बताया कि वर्किंग आवर्स में हालात और भी खराब हो जाते हैं, और रोज़ाना दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।