नोएडा में दो दिन की छुट्टी के बाद मंगलवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की संख्या सामान्य से अधिक रही। सबसे ज्यादा संख्या सर्दी, जुकाम, बुखार और वायरल संक्रमण से पीड़ित मरीजों की रही। सुबह से ही अस्पताल परिसर में मरीजों और उनके तीमारदारों की आवाजाही बढ़ी नजर आई। हालांकि छुट्टियों के बाद जिस तरह की भारी भीड़ आमतौर पर अस्पताल खुलने पर देखने को मिलती है, वैसी स्थिति मंगलवार को नहीं रही। बारिश की वजह से कई मरीज इलाज के लिए अस्पताल नहीं पहुंच सके। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि यदि मौसम साफ रहता तो मरीजों की संख्या और अधिक हो सकती थी।