अमर उजाला की ओर से आयोजित जूनियर शतरंज प्रतियोगिता-2025 के दूसरे दिन मंगलवार को नोएडा के सेक्टर-44 स्थित महामाया बालिका इंटर कॉलेज में दिमागी जंग का जबरदस्त नजारा देखने को मिला। सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक चली इस प्रतियोगिता में छात्रों ने रणनीति, धैर्य और मजबूत एकाग्रता का शानदार प्रदर्शन किया। इस वर्ष प्रतियोगिता को दो आयु वर्गों 5 से 12 वर्ष और 13 से 18 वर्ष में विभाजित किया गया है। कुल 55 छात्रों ने भाग लिया, जिसमें जूनियर से लेकर सीनियर वर्ग तक दोनों कैटेगरी के खिलाड़ी शामिल रहे। प्रत्येक मैच के लिए 15-15 मिनट का समय निर्धारित था जबकि टाई की स्थिति में खिलाड़ियों को 5 मिनट का अतिरिक्त समय दिया गया। प्रतियोगिता में कुल चार राउंड खेले गए, जिनमें हर राउंड पिछले से ज्यादा रोमांचक रहा। कई मुकाबले अंतिम चाल तक पहुंच गए, जहां जीत-हार कुछ सेकंड और एक सही मूव के अंतर से तय हुई। करीब तीन घंटे तक चले आयोजन के बाद दोनों वर्गों में सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन किया गया। शतरंज प्रतियोगिता के सभी मानक और दिशा-निर्देश उत्तर प्रदेश शतरंज स्पोर्ट्स एसोसिएशन की निगरानी में पूरे किए जा रहे हैं। विजेता खिलाड़ी स्कूल : महामाया बालिका इंटर कॉलेज, सेक्टर-44, नोएडा जूनियर कैटेगरी 1. अनुष्का गुप्ता, कक्षा 5 — प्रथम 2. क्रितिका पांडेय, कक्षा 5 — द्वितीय सीनियर कैटेगरी 1. मोहिनी पंडित, कक्षा 7 — प्रथम 2. कनिका, कक्षा 10 — द्वितीय रनर-अप खिलाड़ियों के कोट- मेहनत हमेशा रास्ता बनाती है, अगली बार और मजबूत होकर लौटूंगी। - शृष्टि शर्मा (जूनियर कैटेगरी, तृतीय स्थान) हर मैच एक नई सीख है, अगली बार लक्ष्य सिर्फ जीत होगा। - ऋतिका चौधरी (सीनियर कैटेगरी, तृतीय स्थान) कार्यक्रम के दौरान स्कूल की उप-प्राचार्या डॉ. छाया जैन, स्पोर्ट्स एचओडी व शिक्षक डॉ. संतोष, डॉ. मोनिका और वंदना मौजूद रहीं। शिक्षकों ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया और कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं बच्चों की विश्लेषण क्षमता, धैर्य और निर्णय-शक्ति को मजबूत करती हैं।