ग्रेटर नोएडा सेक्टर डेल्टा दो में मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। हर ब्लॉक में गंदगी के कारण लोग परेशान है। बरसात के मौसम से पहले सीवर और ड्रेन की सफाई तक नहीं कराई गई है। पार्कों में अव्यवस्था फैली हुई है। इन सभी मुद्दों को सेक्टर डेल्टा दो के निवासियों ने रविवार को अमर उजाला संवाद के दौरान उठाया। निवासियों ने बताया कि सेक्टर में कोई भी काम नहीं हो रहा है। प्राधिकरण के अधिकारियों से शिकायत करने के बाद कोई सुनवाई नहीं होती है। निवासियों ने बताया कि बच्चों के खेलने के लिए पार्कों में कोई सुविधा नहीं है। पार्क में झूले तक गायब हो चुके हैं। कई बार झूले लगवाने के लिए प्राधिकरण के अधिकारियों से मिलना हुआ, लेकिन अब तक कुछ भी नहीं बदला। ग्रीन बेल्ट में चारों ओर गंदगी का अंबार लगा हुआ है।