करवाचौथ नजदीक आते ही नोएडा के बाजारों में धूम मच गई है। 20 अक्टूबर, रविवार को मनाए जाने वाले इस पर्व के लिए महिलाएं खरीदारी में पूरी तरह जुटी हैं। चाहे सेक्टर-27 स्थित अट्टा मार्केट हो या इंदिरा मार्केट या फिर हरौला समेत शहर की अन्य मार्केट हो, हर जगह भारी भीड़ उमड़ रही है। जहां कपड़े से लेकर ज्वैलरी और सोलह श्रृंगार की दुकानों पर सुबह 10 बजे से लेकर देर रात तक ग्राहकों की लंबी कतारें लगी नजर आ रही हैं। पूजा की दुकानों पर करवाचौथ व्रत के लिए जरूरी सामान खरीदने वाली महिलाओं की भीड़ देखते ही बन रही है। चूड़ियां, सिंदूर, बिंदी और कंगन जैसी सोलह श्रृंगार की वस्तुओं की भारी मांग हैं। मेहंदी लगवाने का इतना क्रेज है कि प्रतिदिन 100 से ज्यादा महिलाएं मेहंदी लगवा रही हैं।