ग्रेटर नोएडा के परिषदीय स्कूलों में अर्धवार्षिक परीक्षा पहले दिन ही मजाक बन गई। चारों ब्लॉक के 511 स्कूलों में छात्रों को ब्लैकबोर्ड से प्रश्नों को उतारना पड़ा। विभाग की ओर से स्कूलों में प्रश्न पत्र नहीं भेजे गए, जिसके कारण पहले शिक्षकों ने ब्लैक बोर्ड पर सवालों को लिखा। छात्रों ने सवालों को ब्लैक बोर्ड से उतरकर कॉपी में लिखा। वहीं, 24 से 28 तक होने वाली परीक्षा के प्रश्न पत्र भी शिक्षकों के ग्रुप पर भेज दिए गए। परीक्षा होने से पहले ही पेपर वायरल हो गए। बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पंवार का कहना है कि सैंपल पेपर शिक्षकों को भेजे गए हैं। इसके साथ ही विभाग से मिले निर्देशों का पालन किया जा रहा है।