औद्योगिक सेक्टर उद्योग विहार इकोटेक-2 के उद्यमी अतिक्रमण से परेशान हैं। उद्योगों के बाहर टेंट लगाकर दुकानें खोली जा रही हैं। उनसे आपराधिक गतिविधियां बढ़ रही हैं। वहीं कंपनियों की छुट्टी के समय पुलिस गश्त नहीं हो रही हैं। कर्मचारियों के साथ मोबाइल लूट व अन्य आपराधिक वारदात हो रही हैं। इस संबंध में विभिन्न स्तर पर लगातार मुद्दों को उठाया जा रहा है, लेकिन किसी स्तर पर मदद नहीं मिल रही हैं। बृहस्पतिवार को अमर उजाला ने औद्योगिक सेक्टर उद्योग विहार इकोटेक-2 में उद्यमी संवाद किया। जहां सेक्टर के उद्यमियों ने अपनी समस्याओं को साझा किया। उद्यमियों ने बताया कि वर्ष 2000-01 में सेक्टर में भूखंड़ों का आवंटन हुआ था। यहां पर 100 से अधिक बड़े उद्योग हैं। जो 24 साल बाद भी छोटी-छोटी समस्याओं से परेशान हैं। उद्यमियों का कहना है कि कई बार समस्याओं के संबंध में प्राधिकरण, पुलिस व प्रशासन के अफसरों से बातचीत की जाती है, लेकिन उनका समाधान समय से नहीं किया जाता है। जिस कारण समस्या बड़ी बन जाती हैं। उद्यमियों ने बताया कि सेक्टर में पानी की आपूर्ति है, लेकिन सभी भूखंड़ों में कनेक्शन नहीं दिया गया। साफ सफाई की व्यवस्था नहीं है। कूड़ा नहीं उठाया जाता हैं। स्ट्रीट लाइटें भी चालू नहीं हैं। सेक्टर में शाम के समय पुलिस गश्त भी नहीं होती हैं। उद्यमियों ने नॉलेज पार्क तीन के पास से बन रहे नए रास्ते से सेक्टर को जोड़ने की मांग की हैं। साथ ही ग्रेनो में ईएसआई अस्पताल नहीं बनने से भी परेशान हैं। उद्यमियों का कहना है कि हर माह उद्योग बंधु की बैठक कलेक्ट्रेट में डीएम करते है, लेकिन उद्यमियों की समस्याएं प्राधिकरण से जुड़ी होती हैं। यह बैठक प्राधिकरण में होनी चाहिए।