बार चुनाव में अध्यक्ष-सचिव सहित आठ पदों के लिए पहले दिन 17 प्रत्याशियों ने ने किया नामांकन -आज दोपहर 2 बजे तक कर सकेंगे नामांकन, 5 बजे प्रत्याशियों की अंतिम सूची होगी जारी माई सिटी रिपोर्टर ग्रेटर नोएडा। जनपद दीवानी एवं फौजदारी बार एसोसिएशन (गौतमबुद्ध नगर) के वार्षिक चुनाव 2025-2026 के लिए शुक्रवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई। पहले दिन अध्यक्ष-सचिव आठ पदों के लिए होने के लिए वाले चुनाव में 17 प्रत्याशियों ने नामांकन किया। इनमें अध्यक्ष पद के लिए मनोज भाटी, योगेंद्र भाटी, सचिव पद के लिए नीरज कुमार भाटी, शोभा राम चंदेला, सतेंद्र कुमार नागर, वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद के लिए दुर्गेश सिंह, राकेश शर्मा, छतरपाल सिंह, कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद के लिए महेंद्री उर्फ मुस्कान, प्रेमचंद त्यागी, कोषाध्यक्ष पद के लिए दीपक लोहिया, नितिन भाटी, सह सचिव प्रशासनिक पद के लिए सिंह राज चौधरी, विक्रम सिंह, सांस्कृतिक सचिव पद के लिए मीनू त्यागी, सह सचिव पुस्तकालय पद के लिए अमित कुमार ने नामांकन भरा। अभी तक जो नामांकन हुए उनमें सिर्फ दो महिला प्रत्याशी ही सामने आई है। नामांकन के लिए आज भी सुबह 11 से दोपहर 2 बजे तक नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे। इसके साथ ही आज नामांकन वापसी की प्रक्रिया दोपहर 2 से 3 बजे तक होगी। नामांकन पत्रों की जांच दोपहर 3 से 4 बजे तक की जाएगी। इसके बाद शाम 5 बजे प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी कर दी जाएगी। 24 दिसंबर की सुबह 9 से शाम 5 बजे तक मतदान होगा। जिसमें 1:30 बजे से 2:00 बजे तक लंच ब्रेक रहेगा। जबकि शाम 6 बजे से मतगणना शुरू होगी। जिसके बाद परिणाम जारी किए जाएंगे। बार चुनाव में इस बार 2711 मतदाता हिस्सा लेंगे। मतदान में भाग लेने वाले मतदाताओं की सूची बार कार्यालय के बाहर चस्पा कर दी गई है। बार चुनाव के लिए नामांकन करने के साथ प्रत्याशियों ने प्रचार तेज कर दिया है। चैंबर परिसर के सामने अध्यक्ष और सचिव पद के प्रत्याशियों ने टैंट लगाया हुआ है। जहां वह मतदाताओं से संपर्क साध रहे हैं। इससे पहले प्रत्याशियों ने नामांकन के दौरान भी सैकड़ों की संख्या में अधिवक्ताओं को साथ लेकर नामांकन किया। नामांकन के दौरान बड़ी संख्या में भीड़ अधिवक्ताओं के बार रूम में पहुंचने से भीड़ रही।