नोएडा सेक्टर-89 में इलाहाबास गांव की जमीन पर दिल्ली से अवैध तरीके से लाकर डाला गया 20 हजार मीट्रिक टन से ज्यादा कूड़ा अब मुसीबत बनने लगा है। बारिश होने के चलते कूड़ा सड़ रहा है और बदबू फैलने लगी है। कूड़े के आस-पास ही सैकड़ों घर बने हुए हैं। प्राधिकरण की तरफ से सात डंपर पकड़े जाने के बाद यहां कूड़ा डलवा रहे दिल्ली के ठेकेदार ने दूरी बना ली है। नोएडा प्राधिकरण की टीम ने 16 जुलाई को यहां पर औचक निरीक्षण कर पूरा फर्जीवाड़ा पकड़ा था। प्राधिकरण के मुताबिक दिल्ली में कूड़े का निस्तारण न कर यहां पर डलवाया जा रहा था। इसको लेकर नोएडा प्राधिकरण ने फेज-2 थाने में एफआईआर भी करवाई है। वहीं, प्राधिकरण के उस क्षेत्र के निगरानी में लगे इंजीनियर, कर्मचारी की भूमिका को लेकर भी जांच चल रही है।