ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-1 कोतवाली पुलिस ने हाइवे और ढाबों पर खड़े ट्रकों से पेट्रोल-डीजल चोरी करने वाले गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 1250 लीटर चोरी का पेट्रोल, नकद आठ हजार रुपये, एक छोटा हाथी वाहन और एक अल्टो कार बरामद हुई है। एडिशनल डीसीपी अशोक कुमार का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत इस गिरोह पर कार्रवाई की है। पुलिस को लोकल इंटेलिजेंस के जरिए सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध लोग घरबरा गेट के पास चोरी का पेट्रोल बेचने की फिराक में हैं। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चारों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तरुण (26) निवासी अटाली, फरीदाबाद हरियाणा, संतोष (32) निवासी रामपुर पटेल जबलपुर मध्य प्रदेश, सोनू (57) निवासी सेक्टर-142, खुशीराम (39 निवासी अटाली फरीदाबाद के रूप में हुई है। चारों आरोपियों के खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। सभी पर थाना इकोटेक प्रथम में मामला दर्ज किया गया है। इसके अलावा सोनू के खिलाफ थाना सेक्टर-142 में अन्य आपराधिक मामले भी दर्ज हैं। पुलिस गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों की तलाश कर रही है। इस सफलता को लेकर पुलिस अधिकारियों ने टीम को बधाई दी है।