नोएडा के फेस 2 स्थित नयागांव में एक बिल्डिंग में देर रात एलपीजी सिलेंडर फटने से आग लग गई। इसके बाद बिल्डिंग में अफरातफरी मच गई और छत पर करीब 100 से अधिक लोग फंस गए। इसके बाद अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। दमकल गाड़ियों की मदद से आग को बुझाया गया और हाइड्रोलिक प्लेटफार्म की मदद से लोगों को बाहर निकाला गया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे का कहना है कि प्रथम तल पर एलपीजी सिलेंडर फटने से आग लगी थी और धुआं पूरी बिल्डिंग में फैल गया था। इसमें करीब 100 लोग छत पर फंस गए थे। आग को बुझाने के बाद सभी लोगों को सीढ़ियों के रास्ते सुरक्षित बाहर निकाला गया।