नोएडा सेक्टर 63 स्थित एक प्राइवेट कंपनी के लॉकर से मोबाइल गुम होने को लेकर महिला कर्मचारी और महिला गार्ड के बीच हाथापाई हो गई। दोनों के बीच मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इस मामले में पुलिस ने संज्ञान लेकर दोनों महिलाओं को हिरासत में लिया है और पूछताछ कर रही है। पुलिस के मुताबिक सेक्टर 63 के बी ब्लॉक में इलेक्ट्रॉनिक कंपनी में पिंकी नामक एक महिला काम करती है। पिंकी ने अपना मोबाइल कंपनी के लॉकर में रखा था। इसके बाद शाम को जब लॉकर खोला तो मोबाइल नहीं मिला। इसके बाद इस मामले की सूचना पिंकी ने कंपनी में तैनात महिला सुरक्षा कर्मियों को दी। बुधवार की इस घटना के बाद सुरक्षा कर्मियों ने सीसीटीवी कैमरा की फुटेज चेक करने के लिए कहा। बृहस्पतिवार सुबह जब पिंकी कंपनी पहुंची तो महिला सुरक्षा कर्मियों से मोबाइल फोन के बारे में जानकारी ली तभी दोनों के बीच कहासुनी हो गई। पिंकी और महिला सुरक्षा कर्मी सुनीता के बीच मारपीट हो गई और इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।