नोएडा सेक्टर-21ए स्थित नोएडा इंडोर स्टेडियम में चल रही उत्तर प्रदेश कबड्डी लीग (यूपीकेएल) सीजन-2 के छठे दिन मंगलवार को दर्शकों को कबड्डी के दो अलग-अलग रंग देखने को मिले। जहां एक ओर कानपुर वॉरियर्स ने जबरदस्त वापसी करते हुए जीत दर्ज की, वहीं लखनऊ लायंस ने अपने शानदार फॉर्म को बरकरार रखते हुए दबदबा कायम रखा। दिन के पहले मुकाबले में कानपुर वॉरियर्स ने दूसरे हाफ में बेहतरीन खेल दिखाते हुए अलीगढ़ टाइगर्स को 35–30 से मात दी। अलीगढ़ की टीम अपने प्रमुख रेडर विनय के बिना उतरी, जिसके चलते पहले हाफ में जिम्मेदारी कुणाल भाटी ने संभाली। कुणाल की लगातार सफल रेड्स के दम पर अलीगढ़ ने एक ऑल-आउट दिलाया और हाफ टाइम तक पांच अंकों की बढ़त बना ली। हालांकि, दूसरे हाफ में कानपुर वॉरियर्स पूरी तरह बदले हुए अंदाज में नजर आए। टीम की डिफेंस ने कुणाल भाटी को प्रभावी ढंग से रोकते हुए अलीगढ़ के स्कोर पर ब्रेक लगाया। इस शानदार वापसी के नायक रहे सुशांत चौधरी, जिन्होंने मुकाबले में 17 रेड पॉइंट्स जुटाए। लगातार दबाव बनाते हुए कानपुर ने बढ़त हासिल की और मुकाबला अपने नाम कर लिया।