नोएडा में उद्योगों को पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) आधारित बनाने की दिशा में बेहतर पहल के लिए उद्यमियों ने नोएडा को भी आगरा और फिरोजाबाद के तर्ज पर रियायत और सुविधाएं देने की मांग की है। सेक्टर-80 में उत्तर प्रदेश कोरोगेटेड बॉक्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों व उद्यमियों ने अमर उजाला इंडस्ट्री संवाद कार्यक्रम के माध्यम से अपनी मांगों को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने और इन पर उचित कदम उठाने की मांग की। दरअसल, सेक्टर-80 के सी ब्लॉक में कोरोगेटेड बॉक्स एसोसिएशन और अमर उजाला इंडस्ट्री संवाद में नोएडा के उद्यमियों ने प्रदूषण की समस्या को उठाते हुए उद्योगों के लिए आगरा और फिरोजाबाद के तर्ज पर रियायती दरों पर पीएनजी आपूर्ति की सुविधा और उद्योगों को अन्य जरूरी सुविधाएं देने की मांग रखी, ताकि हर साल प्रदूषण से होने वाले नुकसान से उद्योगों को उबारा जा सके। वर्तमान में नोएडा के उद्योगों में ऊर्जा की आपूर्ति के लिए अधिकतर डीजल या अन्य महंगे विकल्पों का सहारा लिया जाता है जो उत्पादन लागत को बढ़ाता है। इसके अलावा उद्यमी ने संवाद कार्यक्रम में बिजली, स्ट्रीट लाइट, स्किल लेबर, सार्वजनिक परिवहन समेत सुरक्षा के मुद्दों को भी प्राथमिकता से उठाया।