ग्रेटर नोएडा शहर में सोमवार को 77वां गणतंत्र दिवस पूरे हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया जाएगा। इसकी पूर्व संध्या पर रविवार की शाम ग्रेटर नोएडा का नजारा पूरी तरह बदल गया। सरकारी कार्यालयों, निजी भवनों, आवासीय सोसाइटियों और प्रमुख स्थानों को रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया, जिससे पूरा शहर उत्सव के रंग में रंगा नजर आया। चारों ओर जगमगाती रोशनियों ने नागरिकों के मन में उल्लास और देशप्रेम की भावना को और प्रबल कर दिया। गणतंत्र दिवस को लेकर शहर में बीते कई दिनों से तैयारियां चल रही थीं, जो अब पूरी हो चुकी हैं। बाजारों में तिरंगे झंडों की जमकर बिक्री हुई। बच्चों से लेकर युवाओं और बुजुर्गों तक में राष्ट्रीय पर्व को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। बाजारों में तिरंगे रंग की टोपी, बैज, रिस्ट बैंड, मास्क, बैंड और टी-शर्ट लोगों को आकर्षित कर रहे हैं। विशेष रूप से युवाओं के बीच तिरंगा टी-शर्ट का क्रेज साफ नजर आया, वहीं बच्चों को तिरंगे मास्क और टोपी खूब भा रहे हैं। पूर्व संध्या पर रविवार शाम को शहर के विभिन्न सेक्टरों और सोसाइटियों में विशेष सजावट की गई। सेक्टर बीटा-1, बीटा-2, सेक्टर अल्फा-1, अल्फा-2, सेक्टर डेल्टा-1, 2, 3, सेक्टर गामा-1, 2, सेक्टर ईटा-1, 2, सेक्टर जीटा-1, 2, सेक्टर पी-3, पी-4, सेक्टर ओमीक्रॉन-1, 2, 3 सहित शहर की प्रमुख आवासीय सोसाइटियों जैसे एस डिविनो, ग्रीन आर्क, एस सिटी, राधा स्काई, रक्षा अडेला, आम्रपाली सेंचुरियन, पंचशील हाइनिश आदि में गणतंत्र दिवस की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जगह-जगह तिरंगा झंडा फहराया गया और इमारतों को आकर्षक रोशनी से सजाया गया। सोमवार की सुबह से ही शहर में प्रभात फेरियां, झंडारोहण कार्यक्रम और सांस्कृतिक आयोजन शुरू हो जाएंगे। विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर देश के अमर शहीदों को नमन करते हुए उनके बलिदान को याद किया जाएगा। स्कूलों, कॉलेजों, आरडब्ल्यूए और सामाजिक संगठनों की ओर से देशभक्ति कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।