दीपावली पर्व को ध्यान में रखते हुए मिलावटखोरों पर लगाम कसने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने शुक्रवार को जिले में अभियान चलाया। विभाग की विभिन्न टीमों ने अलग-अलग क्षेत्रों में खाद्य पदार्थों की जांच की और संदिग्ध सामग्री को जब्त किया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी सैय्यद इबादुल्लाह और अमर बहादुर सरोज के नेतृत्व में टीम ने घोड़ी बछेड़ा स्थित अनुज कुमार शाक्य की रसगुल्ला निर्माणशाला पर पहुंची। जांच के दौरान पाया गया कि यहां गंदगी के माहौल में मिठाइयां तैयार की जा रही थीं। भारी मात्रा में गंदे ढंग से भंडारित रसगुल्लों में मक्खियां और मच्छर हैं। मौके से सफेद रंग का पाउडर भी बरामद हुआ। जिसे मालिक ने अरारोट पाउडर बताया। टीम ने यहां से रसगुल्ला, छेना, दूध और सफेद पाउडर के एक-एक नमूने लिए। शेष लगभग 285 किलोग्राम दूषित रसगुल्ला मौके पर नष्ट कराया गया। जबकि 35 किलोग्राम सफेद पाउडर सीज कर दिया गया।
वहीं, खाद्य सुरक्षा अधिकारी एसके पांडेय, ओपी सिंह और विशाल गुप्ता की टीम ने दादरी के ब्रह्मपुरी स्थित टीवीएस वाली गली में गर्ग एजेंसी पर छापा मारा। वहां से सरसों के तेल और राइस ब्रान ऑयल के एक-एक नमूने लिए गए। जांच में प्रथम दृष्टया तेल मिलावटी और मिथ्याछाप प्रतीत हुआ। जिसके चलते 150 किलोग्राम सरसों का तेल और 200 किलोग्राम राइस ब्रान ऑयल सीज कर दिया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकेश कुमार, विजय बहादुर पटेल और रविंद्र नाथ वर्मा की टीम ने सूरजपुर स्थित लियाकत किराना स्टोर से बेसन का नमूना और एछर, ग्रेटर नोएडा स्थित लक्ष्मी डेयरी से पनीर का नमूना लिया।
सहायक आयुक्त खाद्य-द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि कुल मिलाकर आठ खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। अगर यह मिलावटी मिठाई बाजार में पहुंच जाती, तो लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ता। ऐसे दूषित उत्पादों के सेवन से डायरिया, फूड प्वाइजनिंग और किडनी संबंधी दिक्कतें हो सकती हैं। उपभोक्ताओं से अपील की है कि वह केवल प्रमाणित दुकानों से ही मिठाई खरीदें और संदिग्ध मिठाई की जानकारी विभाग को दें।