गुरुग्राम में एमजी रोड पर सहारा मॉल के सामने सर्विस लेन में एक युवक ने बोलेरो गाड़ी के बोनट पर बैठकर स्टंट किए। बोलेरो पर स्टंट करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो के आधार पर गुरुग्राम पुलिस ने संज्ञान लेते हुए अज्ञात युवकों के खिलाफ संबंधित धाराओं में सेक्टर-29 थाने में प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस स्टंट करने वाले युवकों की पहचान करने में जुटी है। एमजी रोड पर काफी संख्या में पब, बार व शॉपिंग मॉल होने के कारण सुबह से देर रात तक पैदल यात्रियों, स्थानीय निवासियों और नौकरीपेशा लोगों की आवाजाही रहती है। वहीं, सहारा मॉल के आसपास शाम को काफी भीड़ होती है। मॉल के आगे सर्विस लेन में काले रंग की बोलेरो गाड़ी के बोनट पर एक युवक बैठा हुआ है, जबकि चालक गाड़ी को चला रहा है और एक युवक गाड़ी में पिछली सीट पर भी बैठा हुआ दिखाई दे रहा है। स्टंट वाले वीडियो में एक फिल्मी गाना भी बजते हुए सुनाई दे रहा है। पैदल राहगीरों ने पीछे हटकर अपनी जान बचाई। हालांकि यह वीडियो कब की है, इस बारे में पुख्ता जानकारी नहीं है। सोशल मीडिया इंस्टाग्राम पर बोलेरो पर स्टंट करने की वीडियो मंगलवार की सुबह वायरल हुई थी।