गुरुग्राम। भिवानी में आयोजित 59वीं हरियाणा स्कूल राज्य स्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन भार वर्गों में फाइनल मुकाबले जीतकर ट्रॉफी अपने नाम की। प्रतियोगिता में जिले से करीब 40 खिलाड़ियों ने अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग में विभिन्न भार वर्गों में हिस्सा लिया। अंडर-14 के 48 से 50 किलोग्राम भार वर्ग में अनुराग ने सोनीपत के शोभित को हराकर खिताब अपने नाम किया। वहीं अंडर-19 के 69 से 75 किलोग्राम भार वर्ग में कुणाल ने सोनीपत के रोनक को मात देकर फाइनल ट्रॉफी जीती। अंडर-14 के 44 से 46 किलोग्राम भार वर्ग में विनय ने फरीदाबाद के वर्श को हराकर खिताब अपने नाम किया। प्रशिक्षक मनोज शर्मा ने बताया कि खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में अब तक बेहतरीन प्रदर्शन किया है। विनय और अनुराग ने अपने-अपने मुकाबलों में शानदार खेल दिखाते हुए फाइनल में जगह बनाई और दोनों ने खिताबी मुकाबले जीतकर स्वर्ण पदक हासिल किया। उन्होंने कहा कि अन्य आयु वर्ग के खिलाड़ियों से भी प्रतियोगिता के आगामी मुकाबलों में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।