गुरुग्राम सिविल लाइंस स्थित नेहरू स्टेडियम में पार्क जल्द ही हरा-भरा नजर आएगा। हॉकी मैदान के पास पार्क की व्यवस्था सुधारने के लिए कार्य किया जा रहा है। पार्क की जगह से रोड़ी व ईंट-पत्थर उठाए जा रह हैं और पानी भी पार्क में छोड़ा जा रहा है ताकि यहां घास व पौधे लगाए जाएंगे। नेहरू स्टेडियम में कई साल पहले पार्क तैयार किया गया था। इस पार्क के चारों तरफ जाली भी लगाई गई थी ताकि पार्क की घास व पौधों को कोई खिलाड़ी या बाहरी व्यक्ति खराब न कर सके। पार्क किनारे लगाए गए पौधे अब पेड़ बन चुके हैं। लगभग डेढ साल पहले नया हॉकी मैदान तैयार करने के लिए निर्माण सामग्री, पुराने मैदान से निकले ईंट-पत्थर सहित अन्य सामान इस पार्क की जगह में रखने से घास खराब हो गई। जिला खेल विभाग द्वारा अब इस पार्क को दोबारा तैयार कराया जाएगा। पार्क की जगह पड़े ईंट, पत्थर, रोड़ी सहित अन्य सामान हटाया जा रहा है। इसी माह पार्क में घास लगाने के लिए व्यवस्था की जाएगी। घास व पौधे लगाकर पार्क के चारों ओर जाली भी लगाई जाएगी। गुरुग्राम मंडल के खेल उपनिदेशक गिर्राज सिंह ने बताया कि हॉकी मैदान बनाने के लिए आई निर्माण सामग्री व डंपर आदि की वजह से पार्क खराब हो गया था। अब इसको दोबारा तैयार किया जाएगा। घास व पौधे लगाने की व्यवस्था की जा रही है।