गुरुग्राम जिले के दिव्यांग व्यक्तियों को बड़ी राहत देते हुए हरियाणा रोडवेज की बसों में नि:शुल्क यात्रा सुविधा देने का निर्णय लिया है। इस योजना के तहत 40 प्रतिशत से लेकर 99 प्रतिशत तक दिव्यांगता वाले व्यक्ति अब हरियाणा रोडवेज की बसों में मुफ्त यात्रा कर सकेंगे। यह सुविधा हरियाणा के अधिकार क्षेत्र के साथ-साथ दिल्ली और चंडीगढ़ रूटों पर भी लागू रहेगी। गुरुग्राम रोडवेज अधिकारियों के अनुसार इस सुविधा का लाभ लेने के लिए दिव्यांग व्यक्तियों के पास अद्वितीय दिव्यांगता पहचान पत्र (यूडीआईडी कार्ड) होना अनिवार्य होगा। यात्रा के दौरान यात्रियों को अपना यूडीआईडी कार्ड कंडक्टर को दिखाना होगा, जिसके बाद उन्हें नि:शुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी।