नगर निगम गुरुग्राम ने 20 अगस्त, वीरवार को अनधिकृत पेइंग गेस्ट (पीजी) आवासों, व्यावसायिक भवनों और बेसहारा पशुओं के खिलाफ एक व्यापक अभियान चलाया। इस दौरान 13 अनधिकृत निर्माणों को ध्वस्त किया गया और 18 भवनों को सील किया गया। साथ ही, विभिन्न क्षेत्रों से बेसहारा पशुओं को पकड़कर गौशालाओं में भेजा गया और डेढ़ एकड़ एमसीजी भूमि कब्जा मुक्त कराई गई। अभियान के तहत नगर निगम की प्रवर्तन टीमों ने नियमानुसार कार्रवाई की। गांव ग्वालपहाड़ी और बालियावास में डेढ़ एकड़ एमसीजी भूमि को भी कब्जा मुक्त कराया गया। निगम ऐसी संपत्तियों की लगातार निगरानी कर रहा है। इसका उद्देश्य बिना आवश्यक अनुमति संचालित हो रहे अनधिकृत निर्माणों पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करना है। दूसरी ओर, शहर को बेसहारा पशु मुक्त बनाने का विशेष अभियान भी जारी रहा। संयुक्त आयुक्त स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में टीमों ने पशुओं को पकड़कर गौशालाओं में भेजा। इस अभियान का लक्ष्य सड़कों पर बेसहारा पशुओं की मौजूदगी कम करना है। इससे यातायात सुगम होगा और वाहन चालकों तथा पैदल यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी। निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि गुरुग्राम में अनधिकृत निर्माण एवं पीजी जैसी गतिविधियों को किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि नागरिकों की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।