नगर निगम मानेसर क्षेत्र में विकास कार्यों को लगातार आगे बढ़ा रहा है। इसी के तहत नाहरपुर-कासन क्षेत्र में जल निकासी व्यवस्था को मजबूत करने के लिए करीब डेढ़ किलोमीटर लंबे नाले का निर्माण कराया जा रहा है। यह नाला आईएमटी में नाहरपुर चौक से लेकर डोनाल्डसन कंपनी तक बनाया जाएगा। परियोजना पर करीब चार करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि मानसून के दौरान क्षेत्र में जलभराव की समस्या को देखते हुए इस नाले का निर्माण किया जा रहा है। बारिश के समय कई जगहों पर पानी जमा हो जाता है, जिससे लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ता है। नाला बनने के बाद बरसाती पानी की निकासी आसान होगी और सड़कों पर पानी जमा होने की समस्या कम होगी। निगम की ओर से निर्माण कार्य को तेजी से कराया जा रहा है, ताकि मानसून शुरू होने से पहले काम पूरा किया जा सके। इसके पूरा होने से आसपास के लोगों, कर्मचारियों और वाहन चालकों को जलभराव की समस्या से सामना नहीं करना पडे़गा।