गुरुग्राम सेक्टर-50 थाना क्षेत्र में 21 फरवरी की रात को गाड़ी से कार टकराने पर विवाद में सेवानिवृत कर्नल से मारपीट मामले में पांच आरोपी सोमवार को गिरफ्तार किए। रोड रेज की इस घटना के दौरान सेवानिवृत कर्नल सेक्टर-38 स्थित निजी अस्पताल में उपचाराधीन बीमार पिता से मिलकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सेक्टर-50 क्षेत्र में उनकी कार साथ चल रही दूसरी गाड़ी से टकरा गई थी। पुलिस को दी शिकायत में सेवानिवृत कर्नल अनिल यादव ने बताया कि वे 21 फरवरी की रात को वाटिका चौक से फरीदाबाद रोड पर जा रहे थे तो उनकी कार एक अन्य कार से टकरा गई थी। जब वे कार से नीचे उतरने लगे तो दूसरी गाड़ी में सवार युवकों ने उनको कार से बाहर खींच लिया। सड़क पर गिराकर लात-मुक्कों से मारपीट करने के साथ ही बियर की बोतल से उनकी कार की लाइट व शीशे तोड़ दिए। इसके बाद हमलावर युवक कर्नल अनिल यादव को अपनी गाड़ी में बैठाकर कहीं ले जाने का प्रयास करने लगे, तो गाड़ी युवकों से नहीं चल पाई। ऐसे में युवकों ने वहीं पर गाड़ी में हुए नुकसान की भरपाई के लिए कर्नल अनिल यादव से 30 हजार रुपये यूपीआई के माध्यम से ट्रांसफर करवा लिए। सेवानिवृत कर्नल की शिकायत के आधार पर युवकों के खिलाफ सेक्टर-50 थाने में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की।