साइबर सिटी गुरुग्राम में एक बार फिर तेज रफ्तार के कहर ने जिंदगी निगल ली। गुरुग्राम के सेक्टर 4-7 चौक पर तेज रफ्तार बेकाबू बस ने एक युवक और गोवंश को जोरदार टक्कर मारी जिसके बाद युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई तो वहीं गोवंश ने भी मौके पर ही दम तोड़ दिया। - दरअसल यह दर्दनाक हादसा आज सुबह तकरीबन 8 बजे का है जब एक प्राइवेट बस गुरुग्राम के सेक्टर 4-7 चौक से होकर गुजर रही थी इस दौरान इस तेज रफ्तार बस ने वहां से जा रहे एक युवक को जोरदार टक्कर मार दी। यही नहीं बस इतनी तेज रफ्तार में थी कि वह बेकाबू होकर दीवार से टकरा गई। इस हादसे की सूचना वहां मौजूद लोगों ने गुरुग्राम पुलिस को दी तो वही गुरुग्राम पुलिस ने भी मृतक के परिजन की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। गुरुग्राम पुलिस ने बस चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस मामले में बस चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।