हिसाली गांव जाने वाले मार्ग पर शहीद ओमप्रकाश की प्रतिमा के ऊपर उल्टा लगाए गए तिरंगे को आखिरकार प्रशासन ने देर रात सीधा करा दिया। मामला सामने आने के बाद अधिकारियों ने संज्ञान लिया। एसडीएम कोमल पवार के आदेश पर संबंधित लेखपाल को मौके पर भेजा गया और राष्ट्रीय ध्वज को सम्मानपूर्वक सही तरीके से लगाया गया। दिल्ली-मेरठ रोड से हिसाली गांव जाने वाले मार्ग पर शहीद ओमप्रकाश की प्रतिमा और उनके नाम से बना गेट है। 15 अगस्त को यहां तिरंगा लगाया गया था, लेकिन ध्वज उल्टा लगा होने के कारण लोगों ने आपत्ति जताई थी। मामला सामने आने के बाद एसडीएम ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। एसडीएम कोमल पवार ने कहा था कि शहीद की प्रतिमा पर तिरंगा उल्टा लगाए जाने का मामला उनके संज्ञान में नहीं है। यदि ऐसा है तो लेखपाल को भेजकर तिरंगे को सही कराया जाएगा। इसके बाद देर रात प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर ध्वज को सीधा करा दिया। स्थानीय लोगों ने प्रशासन की त्वरित कार्रवाई की सराहना की। लोगों का कहना है कि शहीद की प्रतिमा के साथ लगाए गए राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान सुनिश्चित करना सभी की जिम्मेदारी है। प्रशासन की कार्रवाई के बाद अब शहीद ओमप्रकाश की प्रतिमा के ऊपर तिरंगा सही तरीके से लहरा रहा है।