नवयुग मार्केट स्थित एमबी गर्ल्स इंटर कॉलेज में आयोजित प्रदर्शनी में छात्राओं ने रोबोट का मॉडल प्रस्तुत किया। इस दौरान रोबोट के क्रियाकलाप करके दिखाए जिसमें रोबोट ने सभी को पानी दिया। बुधवार को विज्ञान प्रदर्शनी में छात्राओं ने स्वच्छ भारत के तहत सेंसर युक्त कूड़ेदान, फायर अलार्म, रेनवॉटर हार्वेस्टिंग सेंसर मॉडल आदि प्रस्तुत किए। प्रदर्शनी का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक और अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार यादव ने किया। नगरायुक्त ने सभी छात्राओं से मॉडल की जानकारी लेकर उनके प्रयास की सराहना की। छात्राओं ने घर और फैक्ट्री में धुएं के सेंसर का प्रयोग, क्रेन, वेंडिंग मशीन, इंक फ्रॉम कार्बन एमिशन आदि के बारे में विस्तार से बताया। नगरायुक्त ने सर्वश्रेष्ठ पांच मॉडल को नगर निगम की ओर से पुरस्कृत करने के लिए कहा। इस दौरान स्कूल में ओपन जिम और स्वच्छ भारत लैब का उद्घाटन भी किया गया। प्रधानाचार्या अंतिमा चौधरी ने कहा कि लैब का उद्देश्य छात्राओं को स्वच्छ भारत के लिए जागरूक करना और उन्हें प्राकृतिक संसाधनों का उचित प्रयोग करना सिखाना है।