टीलामोड़ पुलिस ने बुधवार तड़के करीब 3:30 बजे गोकशों से हुई मुठभेड़ के बाद गोकशी के दो आरोपी गिरफ्तार किए हैं। इनमें से एक संभल जिले के नाला कस्बा का रहने वाला लुकमान कुरैशी है और दूसरा अमरोहा के हसनपुर निवासी मोहम्मद कुरैशियान है। दोनों वर्तमान में दिल्ली में रह रहे थे। गिरफ्तार हुआ आरोपी लुकमान कुरैशी ट्रॉनिका सिटी थानाक्षेत्र में हुई गोकशी के मामले में 50 हजार का इनामी भी घोषित है। वहीं, उसने पूछताछ में साथियों के साथ मिलकर दिसंबर 2022 में काका फार्म के पीछे गोकशी कर मांस दिल्ली में बेचने की बात भी स्वीकार की है। एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। दोनों के खिलाफ आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है।