डासना में एनएच नौ स्थित बस स्टैंड के पास पहलवान नर्सरी के सामने रखे रजाई गद्दों के खोके में आग लग गई। दुकान संचालक पड़ोसी से दुकान देखने को कहकर नमाज अदा करने गये थे। नमाज अदा करके आये तो दुकान के सामने लोग जमा थे। पानी से आग पर काबू करने का प्रयास कर रहे थे। कड़ी मशक्कत के बाद एक घंटे में आग पर काबू पाया गया। अज्ञात कारण से लगी आग से लगभग ढाई लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है। वेव सिटी के डासना वार्ड नं. 6 किला मुहल्ला निवासी अब्दुल सलाम पिछले 20-25 वर्षों से एनएच नौ पर सड़क किनारे पहलवान नर्सरी के सामने रुई के रजाई व गद्दे बनाकर बेचते हैं। बुधवार दोपहर 2 बजे अब्दुल सलाम पड़ोसी से दुकान की देखभाल रखना कहकर नमाज अदा करने के लिए पास की मस्जिद में गये थे। मगर आधा घंटे बाद जब ये नमाज अदा करके दुकान की तरफ आये तो लोगों की दुकान के सामने भीड़ जमा थी। हर कोई आग बुझाने में लगा था। मगर रुई में लगी आग को समरसिबल पम्प के पानी से लगभग एक घंटे में कड़ी मशक्कत के बाद काबू पाया। दुकान संचालक ने बताया कि उसे नहीं पता कि आग कैसे लगी। उन्होंने बताया कि दुकान में नये रजाई व गद्दे थे और रुई भी रखी थी। दुकान में एक इन्जन भी था। सभी जलकर खाक हो गया। उन्होंने बताया कि दुकान में आग लगने से उनका लगभग ढाई लाख रुपये का नुकसान होना बता रहे हैं। एसीपी उपासना पांडे ने बताया कि डासना स्टैंड पर दोपहर में रजाई गद्दे की दुकान में आग लग गई थी। जिसे लोगों की सहायता से बुझाई गई थी। किसी जनहानि की सूचना नहीं है और न ही कोई तहरीर दी गई है।