जीटी रोड पर कार की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत के बाद कालकागढ़ी चौक पर जाम लगाने वाले 200 अज्ञात महिला और पुरुषों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। किराना मंडी चौकी पुलिस कमल देव ने नगर कोतवाली में केस दर्ज कराया है। उधर, आरोपी कार चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर चालान कर दिया है। डीसीपी सिटी धवल जायसवाल ने बताया कि उपनिरीक्षक कमल देव के मुताबिक बृहस्पतिवार की रात कार की टक्कर से बाइक सवार प्रियांशु और शिवा की मौत हो गई। जबकि उनके तीसरे साथी साहिल की हालत गंभीर है और दिल्ली स्थित तेगबहादुर अस्पताल में उपचार जारी है। आरोप है कि मृतकों के परिजनों ने गाडियों में शव रखकर सड़क पर खड़ी कर दी और कालकागढ़ी चौक पर जाम लगा दिया। राहगीरों ने अभद्रता की गई, डंडें मारे गए। इससे भयभीत व्यापारी दुकान बंद करके चले गए और सड़क पर भय का माहौल व्याप्त हो गया। डीसीपी ने बताया कि 200 अज्ञात महिलाओं और पुरुषों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, मौके की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी से आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।