संवाद न्यूज एजेंसी फतेहाबाद। इनेलो के राष्ट्रीय संरक्षक एवं हरियाणा के पूर्व वित्त मंत्री प्रो. संपत सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार बार-बार भाखड़ा कमांड से यमुना कमांड एरिया को पानी देने के लिए भाखड़ा में जगह-जगह पंचर कर रही है। पहले धमतान डिस्ट्रीब्यूटरी और सिवानी फीडर को यमुना का पानी मिलता था, लेकिन सरकार ने इन्हें भाखड़ा प्रणाली से जोड़ दिया। इस मनमाने फैसले से भाखड़ा कमांड का 240 क्यूसेक पानी कम हो गया है। जगह-जगह पंचर करके यमुना कमांड एरिया में पेयजल सप्लाई दी जा रही है। उन्होंने आगाह किया कि यदि इसी तरह पानी काटा गया, तो भाखड़ा का पूरा एरिया बंजर बन जाएगा, जिससे फतेहाबाद, सिरसा, नलवा, हिसार शहर और आदमपुर में पानी का गहरा संकट खड़ा हो जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर किसानों के हक का पानी मारा गया, तो इनेलो चुप नहीं बैठेगी। प्रो. संपत सिंह ने साफ किया कि हरियाणा अपने अधिकार का पानी ले रहा था, न कि राजस्थान का। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बाद हरियाणा के तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर को अपनी ही पार्टी की राजस्थान सरकार से बात करनी चाहिए थी, लेकिन उन्होंने कोई प्रयास नहीं किया। पूर्व वित्तमंत्री संपत सिंह की मौजूदगी में फतेहबाद ब्लॉक समिति वार्ड नंबर 6 के सदस्य होशियार सिंह नहला ने जहां इनेलो में घर वापसी की वहीं बनगांव के पूर्व सरपंच सीताराम, मदनलाल और कुलदीप गिल ने भी इनेलो का दामन थामा। इस अवसर पर इनेलो जिला प्रधान बिकर सिंह हड़ोली, जिला उप प्रधान जगदीश झाझड़ा, भारत सिंह ढिंगसरा, प्रदेश प्रवक्ता विकास मेहता, डॉ. रामफल, शहरी प्रधान यशपाल तनेजा व जिला मीडिया प्रभारी अमन शर्मा सहित भारी संख्या में इनेलो नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।