फरीदाबाद जिले के विद्यालयों में शुक्रवार को शिक्षक दिवस उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने अपने शिक्षकों को सम्मानित किया और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए उनके प्रति आभार व्यक्त किया। एनआईटी-3 स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक कन्या विद्यालय में छात्राओं ने शिक्षक बनकर कक्षाओं में पढ़ाया और अपने गुरुजनों का आशीर्वाद लिया। इसी तरह तिकोना पार्क स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक बाल विद्यालय और एनआईटी-2 के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक कन्या विद्यालय में बच्चों ने नृत्य-गीत और नाटक प्रस्तुत कर कार्यक्रम को रंगारंग बना दिया।