दिल्ली-एनसीआर में वायु गुणवत्ता सूचकांक के गंभीर श्रेणी में पहुंचने के बाद जिला प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से ग्रेप-4 की पाबंदियां लागू कर दी हैं। प्रदूषण कम करने के लिए प्रशासन ने सड़कों के किनारे करीब 20 पानी के टैंकरों को काम पर लगाया है, जो धूल को दबाने के लिए लगातार छिड़काव कर रहे हैं। इसके साथ ही हवा में मौजूद प्रदूषण के कणों को रोकने के लिए प्रमुख चौराहों पर एंटी स्मॉग गन का उपयोग किया जा रहा है। डीसी ने स्पष्ट किया है कि निर्माण कार्यों पर पूर्ण रोक के साथ-साथ नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि वे प्रदूषण कम करने में प्रशासन का सहयोग करें।