फरीदाबाद में हुए दर्दनाक हादसे से सबक लेते हुए वसुंधरा ग्रांड सोसायटी के 27वीं मंजिल पर बने स्काईवाक को बंद कराने की मांग की जा रही है। सेक्टर 15 स्थित हाईराइज सोसायटी के दो टावरों को जोड़ने वाला स्काईवाक लोहे की संरचना से बना है और इसे बने हुए काफी समय भी बीत चुका है। ऐसे में लोगों को डर है कि इसमें दरारें भी हो सकती हैं। ग्रेटर फरीदाबाद के सेक्टर 88 स्थित एक सोसाइटी में कल एक सेवानिवृत्त बैंक मैनेजर की स्काईवाक से गिरकर दर्दनाक मौत हो गई थी। इसी हादसे के बाद वसुंधरा में रहने वाले निवासियों ने सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। इस मुद्दे को लेकर निवासी संदीप कुमार ने जन सुनवाई पोर्टल पर अधिकारियों को टैग कर शिकायत दर्ज कराई है। शिकायतकर्ताओं ने मांग की है कि संबंधित अधिकारियों द्वारा तुरंत इस स्काईवाक का सुरक्षा निरीक्षण कराया जाए और यदि कोई भी तकनीकी या संरचनात्मक कमी पाई जाती है, तो उसे अविलंब बंद कर दिया जाए।