प्रशासन फरीदाबाद की ओर से सोमवार की सायं गांव नेकपुर में रात्रि ठहराव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अतिरिक्त उपायुक्त सतबीर मान तथा पुलिस उपायुक्त मक़सूद अहमद ने ग्रामीणों के साथ सीधा संवाद स्थापित किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की सार्वजनिक एवं व्यक्तिगत समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।कार्यक्रम में एसडीएम बड़खल त्रिलोक चंद, ग्राम सरपंच शेखर, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। एडीसी सतबीर मान ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार रात्रि ठहराव कार्यक्रम का उद्देश्य प्रशासन एवं जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों द्वारा प्रस्तुत की गई मांगों एवं समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा। साथ ही उन्होंने ग्रामीणों से आह्वान किया कि वे गांव के समग्र विकास में सक्रिय भूमिका निभाएं।