देहरादून नगर निगम की ओर से केदारपुरम में बनाया जा रहा पार्क योग के प्रति समर्पित होगा। योग को बढ़ावा मिले और लोगों को योगासनों की जानकारी मिले, इसके लिए पार्क में योगासन दर्शाती हुई ब्रास मेटल की 18 मूर्तियां स्थापित की गई हैं। विभिन्न आसनों की ये मूर्तियां लोगों को आकर्षित कर रही हैं। पार्क का काम करीब 98 प्रतिशत पूरा हो चुका है। 21 जून को योग दिवस पर पार्क को जनता को समर्पित करने की तैयारी की जा रही है। राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम के तहत नगर निगम की ओर से पार्क निर्माण के लिए करीब 4.98 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए थे। इस पार्क के निर्माण का प्रस्ताव करीब एक साल पूर्व तैयार किया गया था। पार्क में आकर्षक स्ट्रीट लाइटों के साथ एक किमी का पैदल पथ तैयार किया गया है। पार्क की चहारदीवारी करते हुए आने-जाने के लिए सिर्फ एक ही गेट लगाया गया है। संवाद