पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने पत्रकारवार्ता की, जिसमें उन्होंने पथरी के विस्थापितों को भूमिधरी अधिकार देने सहित कई मुद्दे उठाए। कहा कि मांगों पर अगर अमल नहीं किया गया तो एक फरवरी गांधी पार्क देहरादून में एक घंटे क मौन व्रत रखूंगा। रावत ने पत्रकारवार्ता में कहा कि राष्ट्र की प्रगति और भारत रूस मैत्री का जीवांत स्तंभ टिहरी डैम उत्तराखंड का अभिमान है। आज एक विकसित उत्तराखंड की हमारी योजना का बड़ा आधार है और इस समय भी राज्य की अर्थव्यवस्था में बड़ा योगदान दे रहा है। यह सब टिहरी की महान जनता के सामूहिक त्याग से ही संभव हुआ है। अपने सुंदर घरों, अति उपजाऊ अपनी भूमि व अतुलनीय संस्कृति को राष्ट्र व समाज को समर्पित कर विस्थापित होना स्वीकार किया। जहां-जहां ये विस्थापित भाई-बहन बसे, आज भी कई कठिनाइयों को झेल रहे हैं और इनसे किए गए कई वादे भी अभी पूरे नहीं हुए हैं।